ट्रांजिट कैंप में बन रहा नया कार्यालय
ऋषिकेश : चारधाम यात्रा 2026 के मद्देनज़र बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) अपने प्रशासनिक ढांचे को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। BKTC के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि समिति का देहरादून स्थित कार्यालय जल्द ही ऋषिकेश के ट्रांजिट कैंप भवन में स्थायी रूप से शिफ्ट किया जाएगा।
ट्रांजिट कैंप परिसर में बातचीत करते हुए द्विवेदी ने कहा कि वर्तमान में BKTC का मुख्यालय जोशीमठ में है, जबकि एक शाखा कार्यालय देहरादून में संचालित हो रहा है। लेकिन चारधाम यात्रा का प्रवेश द्वार माने जाने वाले ऋषिकेश में कार्यालय स्थापित करने का निर्णय यात्रियों और प्रशासनिक कार्यों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
उन्होंने बताया कि ट्रांजिट कैंप में कार्यालय निर्माण का कार्य शुरू हो चुका है और मई के पहले सप्ताह में इसका विधिवत उद्घाटन कर दिया जाएगा। इस कार्यालय के शुरू होने से यात्रियों, अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच समन्वय बेहतर होगा, साथ ही यात्रा से जुड़ी सूचनाओं का आदान-प्रदान भी तेजी और सुगमता से हो सकेगा।
द्विवेदी के अनुसार, ऋषिकेश से ही चारधाम यात्रा का वास्तविक संचालन शुरू होता है, इसलिए यहां कार्यालय स्थापित करना बेहद महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया। बातचीत के दौरान उन्होंने बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम में लागू मास्टर प्लान, गैस सिलेंडर की आपूर्ति की स्थिति और यात्रा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी विस्तार से जानकारी दी। साथ ही गैर-हिंदू व्यक्तियों की एंट्री से जुड़े सवालों पर भी उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया दी और स्पष्ट किया कि सभी व्यवस्थाएं नियमों और परंपराओं के अनुरूप संचालित की जा रही हैं।
नई व्यवस्था के लागू होने से चारधाम यात्रा के दौरान व्यवस्थाएं और अधिक सुव्यवस्थित होने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
