हरिद्वार में अर्धकुंभ 2027 की भव्य तैयारियां तेज, गंगा घाटों से गलियों तक बदलेगा शहर का स्वरूप

खबर शेयर करें -

हरिद्वार : आस्था, संस्कृति और सनातन परंपरा के महापर्व अर्धकुंभ 2027 को लेकर धर्मनगरी हरिद्वार में तैयारियां पूरे जोर-शोर से शुरू हो चुकी हैं। करोड़ों श्रद्धालुओं के आगमन को ध्यान में रखते हुए शहर के गंगा घाटों से लेकर प्रमुख गलियों और संपर्क मार्गों तक व्यापक कायाकल्प किया जा रहा है। इस महाआयोजन में सुविधाओं के विस्तार के लिए सीएसआर ,कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी, फंड का भी प्रभावी उपयोग किया जा रहा है, जिससे विकास कार्यों को नई गति मिली है।

अर्धकुंभ के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और व्यवस्थाओं को सुचारु रखने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा दीर्घकालिक और आधुनिक योजनाएं तैयार की गई हैं। इनमें धार्मिक आस्था के साथ-साथ सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात और भीड़ प्रबंधन पर विशेष फोकस किया जा रहा है।

अर्धकुंभ 2027 की तैयारियों का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा ‘आस्था पथ’ है। यह विशेष पैदल मार्ग श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुव्यवस्थित आवाजाही सुनिश्चित करेगा। प्रशासन का मानना है कि आस्था पथ न केवल भीड़ नियंत्रण में सहायक होगा, बल्कि आपात स्थिति में श्रद्धालुओं के त्वरित आवागमन के लिए भी जीवनरेखा साबित होगा। गंगा घाटों को जोड़ने वाला यह मार्ग सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा मानकों के अनुसार विकसित किया जा रहा है।

हरिद्वार के प्रमुख गंगा घाटों—हर की पैड़ी सहित अन्य ऐतिहासिक घाटों का नवीनीकरण और सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। घाटों पर बेहतर सीढ़ियां, रेलिंग, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, शौचालय और दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाएं विकसित की जाएंगी, ताकि श्रद्धालुओं को स्नान और पूजा-अर्चना में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

अर्धकुंभ के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए अत्याधुनिक सीसीआर-2 भवन का निर्माण किया जा रहा है। यह भवन हाईटेक निगरानी प्रणाली से लैस होगा, जहां से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र और शहर की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। इससे भीड़ प्रबंधन, आपातकालीन स्थिति और कानून-व्यवस्था को तुरंत नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।

श्रद्धालुओं के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले संत-महात्माओं, अतिविशिष्ट अतिथियों और गणमान्य व्यक्तियों के लिए एक विशेष वीआईपी घाट भी विकसित किया जा रहा है। यह घाट सुरक्षा, सुविधा और गरिमा के सभी मानकों को ध्यान में रखते हुए बनाया जाएगा, जिससे धार्मिक अनुष्ठान और स्नान की व्यवस्था सुचारु रूप से हो सके। अर्धकुंभ की तैयारियों में सीएसआर फंड की भागीदारी से बुनियादी ढांचे के विकास को नई मजबूती मिल रही है। सड़कें, गलियां, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण से जुड़े कई कार्य इसी फंड से किए जा रहे हैं। इससे सरकारी संसाधनों पर दबाव कम होने के साथ-साथ तेजी और गुणवत्ता दोनों सुनिश्चित की जा रही हैं।

प्रशासन का स्पष्ट लक्ष्य है कि अर्धकुंभ 2027 को सुरक्षित, स्वच्छ, सुव्यवस्थित और यादगार बनाया जाए। इसके लिए सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर चरणबद्ध तरीके से कार्य पूरे किए जा रहे हैं। समय रहते तैयारियां पूरी कर लेने से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और हरिद्वार वैश्विक स्तर पर एक बार फिर आस्था और आयोजन की मिसाल बनेगा।अर्धकुंभ 2027 की ये तैयारियां न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं, बल्कि शहर के स्थायी विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने में भी अहम भूमिका निभाई है।

Ad