विश्व पर्यावरण दिवस पर वन मंत्री सुबोध उनियाल ने किया वृक्षारोपण
देहरादून : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उत्तराखंड के वन मंत्री सुबोध उनियाल ने मालसी डियर पार्क में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण किया। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन में जनभागीदारी बढ़ाने का संदेश दिया।
वन मंत्री ने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण का संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उत्तराखंड अपनी समृद्ध वन संपदा, जैव विविधता और प्राकृतिक धरोहरों के लिए जाना जाता है, इसलिए पर्यावरण संरक्षण के लिए हर नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

उन्होंने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान व्यक्त करने का प्रेरणादायक प्रयास है, जो लोगों को वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण के लिए भी प्रेरित कर रहा है।
सुबोध उनियाल ने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेने की अपील करते हुए कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वायु, सुरक्षित पर्यावरण और हरित भविष्य की नींव बनेगा। विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
