स्वामी विवेकानन्द जयंती पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वामी विवेकानन्द की जयंती के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानन्द महान आध्यात्मिक विचारक, ओजस्वी वक्ता और युगद्रष्टा थे, जिन्होंने भारतीय दर्शन, संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना को विश्व पटल पर प्रतिष्ठित किया।मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानन्द को युवाओं का प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने बौद्धिक विचारों, तेजस्वी वाणी और कर्मयोग के संदेश के माध्यम से युवाओं को आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण और राष्ट्रसेवा का मार्ग दिखाया। स्वामी विवेकानन्द का प्रसिद्ध संदेश उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक रुको मत आज भी युवाओं को सतत प्रेरणा देता है और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने का संकल्प प्रदान करता है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि स्वामी विवेकानन्द ने भारत की आत्मा को पहचाना और यह विश्वास दिलाया कि युवा शक्ति ही राष्ट्र के उत्थान की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने भीतर छिपी क्षमताओं को पहचानें, आत्मनिर्भर बनें और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। एक सशक्त, आत्मनिर्भर और चरित्रवान भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी अनिवार्य है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश की प्रगति, नवाचार और नेतृत्व में युवाओं की भूमिका निर्णायक हो गई है। विज्ञान, प्रौद्योगिकी, शिक्षा, खेल, उद्यमिता, स्टार्टअप और सामाजिक सेवा सहित हर क्षेत्र में भारतीय युवा अपनी प्रतिभा, परिश्रम और नवाचार के बल पर भारत को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिला रहे हैं। यह स्वामी विवेकानन्द के विचारों की जीवंत अभिव्यक्ति है।
उन्होंने प्रदेश के युवाओं सहित सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे स्वामी विवेकानन्द के विचारों को आत्मसात करते हुए अपनी ऊर्जा का सकारात्मक दिशा में उपयोग करें और देश व प्रदेश के समग्र विकास में योगदान दें। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि युवा शक्ति के संकल्प, परिश्रम और राष्ट्रभक्ति से भारत विश्वगुरु बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।
