गुरु गोबिन्द सिंह के प्रकाश पर्व पर ऋषिकेश में भव्य निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित
ऋषिकेश : गुरु गोबिन्द सिंह महाराज के पावन प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में ऋषिकेश के लक्ष्मण झूला मार्ग स्थित गुरूद्वारा श्री हेमकुंट साहिब परिसर में, 11 जनवरी को गुरूद्वारा ट्रस्ट द्वारा आयोजित 14वां निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर अत्यंत सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस विशाल स्वास्थ्य सेवा अभियान में हजारों जरूरतमंदों ने निःशुल्क चिकित्सीय परामर्श, जांच एवं दवाइयों का लाभ उठाया।
स्वास्थ्य शिविर में गंगा प्रेम हॉस्पिस की चेयरपर्सन नानी मां ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने शिविर में उपस्थित सभी विशेषज्ञ चिकित्सकों से भेंट कर उनकी सेवाओं की सराहना की तथा समाज सेवा के इस पुनीत कार्य के लिए उन्हें सम्मानित किया। नानी मां ने कहा कि मानव सेवा ही सच्ची ईश्वर सेवा है और ऐसे शिविर समाज के कमजोर वर्ग के लिए संजीवनी का कार्य करते हैं। गुरूद्वारा ट्रस्ट के अध्यक्ष सरदार नरेन्द्रजीत सिंह बिन्द्रा ने मुख्य अतिथि सहित शिविर में पहुंचे सभी आगंतुकों, चिकित्सकों, स्वयंसेवकों एवं सहयोगी संस्थाओं का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि यह ट्रस्ट द्वारा आयोजित 14वां निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर है, जिसका उद्देश्य जरूरतमंदों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

शिविर में हृदय रोग, नेत्र रोग, ई.एन.टी., मस्तिष्क, पेट, हड्डी, दंत रोग, स्त्री रोग, बाल रोग, नाड़ी एवं त्वचा रोग से संबंधित विशेषज्ञ डॉक्टरों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। मरीजों को न केवल अनुभवी चिकित्सकों से परामर्श मिला, बल्कि ट्रस्ट की ओर से निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।चिकित्सकीय परामर्श के उपरांत आवश्यकतानुसार ई.सी.जी., एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड एवं सी.टी. स्कैन जैसी महत्वपूर्ण जांचें भी ट्रस्ट द्वारा पूरी तरह निःशुल्क कराई गईं, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को बड़ी राहत मिली। शिविर के लिए ट्रस्ट द्वारा 2231 से अधिक जरूरतमंद मरीजों का पंजीकरण किया गया, जो इस आयोजन की व्यापकता और सफलता को दर्शाता है।
इसके साथ ही शिविर के अंतर्गत रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें रक्तदान के इच्छुक लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान लगभग 45 यूनिट से अधिक रक्त संग्रहित किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक सिद्ध होगा।
समापन अवसर पर ट्रस्ट पदाधिकारियों ने भविष्य में भी इसी प्रकार समाजहित में स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन को जारी रखने का संकल्प दोहराया। श्रद्धा, सेवा और समर्पण के साथ आयोजित यह निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर न केवल चिकित्सा सेवा का उदाहरण बना, बल्कि मानवता की सेवा में गुरूद्वारा ट्रस्ट की प्रतिबद्धता को भी सशक्त रूप से दर्शाता है।
