देहरादून में ट्रक-कार की भीषण टक्कर
देहरादून : राजधानी में एक भीषण सड़क हादसा सामने आया, जब मोहब्बेवाला चौक के पास एक ट्रक और कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही फायर स्टेशन देहरादून से रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
मौके पर पहुंची फायर सर्विस टीम ने देखा कि ट्रक का चालक स्टेरिंग और सीट के बीच बुरी तरह फंसा हुआ था। स्थिति बेहद गंभीर थी और चालक को बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा था। फायर कर्मियों ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान जेसीबी मशीन और आयरन कटर की मदद से ट्रक की सीट को काटा गया और काफी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
वहीं दूसरी ओर कार में सवार तीन लोग भी इस हादसे में घायल हो गए। रेस्क्यू टीम ने उन्हें तुरंत बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया। घायलों की हालत को देखते हुए डॉक्टरों द्वारा उनका इलाज जारी है।
इस पूरी घटना के दौरान कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने संभालते हुए सुचारू रूप से बहाल किया। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने फायर सर्विस और पुलिस की तत्परता की सराहना की, जिनकी सूझबूझ से एक बड़ी जान बचाई जा सकी।
