ढालवाला में हिंदू सम्मेलन, मंत्री सुबोध उनियाल ने दिया ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ का संदेश

खबर शेयर करें -

मुनि की रेती/ढालवाला : नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत 14 बीघा, ढालवाला में सकल हिंदू समाज द्वारा आयोजित “हिंदू सम्मेलन” का आयोजन श्रद्धा, उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर क्षेत्र के प्रबुद्ध जन, सामाजिक, धर्माचार्य एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि “वसुधैव कुटुंबकम्” हमारी सनातन परंपरा की आत्मा है। हिंदू और हिंदुत्व ने संपूर्ण विश्व को एक परिवार मानने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि यह विचारधारा मानवता को सत्य, अहिंसा, करुणा और सह-अस्तित्व का मार्ग दिखाती है। हिंदुत्व केवल एक धर्म नहीं, बल्कि जीवन जीने की समग्र पद्धति है, जो प्रकृति, संस्कृति और सामाजिक समरसता के साथ संतुलन स्थापित करना सिखाती है। मंत्री उनियाल ने कहा कि भारत की सनातन संस्कृति ने सदैव विश्व को शांति और भाईचारे का संदेश दिया है। उन्होंने उल्लेख किया कि जी20 शिखर सम्मेलन का ध्येय वाक्य “वसुधैव कुटुंबकम्” अर्थात “One Earth, One Family, One Future” भारत की प्राचीन विचारधारा की वैश्विक प्रासंगिकता को दर्शाता है। यह केवल एक नारा नहीं, बल्कि विश्वबंधुत्व और साझा भविष्य की अवधारणा का सशक्त प्रतीक है।

उन्होंने समाज में एकता, समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि वर्तमान समय में सभी नागरिकों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। सामाजिक जागरूकता, सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण और युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कारों से जोड़ना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए और हिंदू समाज की एकता तथा सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने का संकल्प दोहराया। अंत में आयोजकों द्वारा मंत्री सुबोध उनियाल को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।सम्मेलन का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Ad