तोता घाटी में भूस्खलन, ट्रक चालक की मौत

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश : तोता घाटी क्षेत्र में हुए भूस्खलन की घटना में एक ट्रक चालक की दर्दनाक मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 23 फरवरी 2026 को प्रातः लगभग 03:05 बजे सूचना मिली कि तोता घाटी के पास अचानक हुए भूस्खलन के कारण एक ट्रक के ऊपर भारी मात्रा में मलबा और पत्थर गिर गए हैं। घटना के बाद मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया था तथा ट्रक के केबिन में एक व्यक्ति के फंसे होने की आशंका जताई गई थी।

सूचना मिलते ही SDRF उत्तराखंड की टीम उप निरीक्षक सावर सिंह नेगी के नेतृत्व में तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। अंधेरा, लगातार गिरता मलबा और दुर्गम पहाड़ी परिस्थितियों के बीच टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत और जोखिम भरे अभियान के बाद टीम ने मलबे में दबे ट्रक तक पहुंच बनाई।लंबे प्रयासों के उपरांत ट्रक के केबिन से एक व्यक्ति को बाहर निकाला गया, जिसकी मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी। मृतक की पहचान मुरारी लाल (55 वर्ष) पुत्र श्री दुर्गा लाल, निवासी घुट्टियानी, जनपद चमोली गढ़वाल के रूप में हुई है।

SDRF टीम द्वारा शव को आवश्यक कार्यवाही हेतु जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। वहीं प्रशासन द्वारा मार्ग को खोलने के लिए मलबा हटाने का कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।

Ad