27 फरवरी को हरियावाला में वृहद बहुउद्देशीय शिविर

खबर शेयर करें -

देहरादून: जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के तहत आगामी 27 फरवरी, 2026 को सहसपुर ब्लॉक स्थित सांसद आदर्श ग्राम हरियावाला में वृहद बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर अपराह्न 12:30 बजे से आयोजित होगा, जिसकी अध्यक्षता सांसद नरेश बंसल करेंगे।इस विशेष शिविर का उद्देश्य विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी सीधे आम जनता तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करना है। कार्यक्रम के दौरान विशेष रूप से वीबीजी राम जी योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक इस योजना का लाभ उठा सकें।

मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहेंगे और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए जाने वाले स्टॉल के माध्यम से योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि अधिकतम सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएं, जिससे लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।शिविर में समाज कल्याण, महिला कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, ग्राम्य विकास, पंचायत राज, लोक निर्माण विभाग (लोनिवि), सिंचाई, उद्योग, पर्यटन, विद्युत एवं पेयजल सहित अन्य विभागों की सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी।

इसके अतिरिक्त वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, किसान पेंशन, छात्रवृत्ति, विवाह अनुदान, पोषण सेवाएं, टीकाकरण, नेत्र परीक्षण, राशन कार्ड संबंधी कार्य, स्वरोजगार आवेदन, आधार कार्ड पंजीकरण, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन सुरक्षा बीमा योजना से जुड़ी सेवाएं भी प्रदान की जाएंगी।

मुख्य विकास अधिकारी ने क्षेत्रीय जनता से अपील की है कि वे शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं तथा अपनी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। प्रशासन को उम्मीद है कि यह शिविर ग्रामीणों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा और योजनाओं की जानकारी व पहुंच को मजबूत करेगा।

Ad