देहरादून के लालतप्पड़ में रोडवेज बस में आग, बड़ा हादसा टला
देहरादून : उत्तराखंड परिवहन निगम की लोहाघाट डिपो की एक बस में तड़के बड़ा हादसा होते-होते टल गया। देहरादून के लालतप्पड़ क्षेत्र में सुबह करीब चार बजे चलती बस में अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते इंजन से उठता धुआं आग में तब्दील हो गया और कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस देहरादून की ओर जा रही थी। अचानक इंजन से धुआं निकलता देख चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को सड़क किनारे रोका और तुरंत यात्रियों को नीचे उतारना शुरू कर दिया। यात्रियों के उतरते ही आग तेजी से फैल गई और बस की सीटें पूरी तरह जल गईं, जबकि आगे के टायर भी आग की चपेट में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस का अगला हिस्सा और अंदरूनी ढांचा काफी हद तक क्षतिग्रस्त हो चुका था। आग लगने के कारण कुछ देर के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।

गनीमत यह रही कि बस में सवार सभी यात्री समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। यात्रियों ने चालक और परिचालक की तत्परता की सराहना की, जिनकी सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। परिवहन निगम के अधिकारियों ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और कहा है कि तकनीकी जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। साथ ही, निगम ने यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए बसों की नियमित तकनीकी जांच और रखरखाव को और सख्त करने की बात कही है।
