बापू ग्राम मुद्दे पर विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने सीएम धामी से की मुलाकात
देहरादून : ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने मंगलवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनके शासकीय आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान बापू ग्राम सहित ऋषिकेश के विभिन्न क्षेत्रों में वन विभाग द्वारा की जा रही कार्रवाई के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।बैठक में डॉ. अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को क्षेत्र की वर्तमान स्थिति से अवगत कराते हुए बताया कि वन विभाग की कार्रवाई से स्थानीय निवासियों में चिंता और असमंजस की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि कई परिवार वर्षों से संबंधित क्षेत्रों में निवास कर रहे हैं और अचानक हो रही कार्रवाई के कारण उनके सामने आवास, आजीविका और भविष्य को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े हो गए हैं।
डॉ. अग्रवाल ने मुख्यमंत्री के समक्ष स्थानीय लोगों की समस्याओं, भावनाओं और उनके सामने उत्पन्न चुनौतियों को विस्तार से रखा। उन्होंने आग्रह किया कि इस संवेदनशील विषय पर जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए मानवीय दृष्टिकोण अपनाया जाए और ऐसा समाधान निकाला जाए जो न्यायसंगत एवं व्यावहारिक हो।उन्होंने विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इन परिवारों के पास वैकल्पिक व्यवस्था के सीमित साधन हैं। ऐसे में राज्य सरकार को आगे बढ़कर प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता और पुनर्वास संबंधी राहत प्रदान करनी चाहिए, ताकि किसी भी परिवार को असहाय स्थिति का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डॉ. अग्रवाल की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि राज्य सरकार जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि इस विषय में संवेदनशीलता के साथ सभी पहलुओं पर विचार किया जाएगा तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार विकास और कानून के पालन के साथ-साथ मानवीय पक्ष को भी समान महत्व देती है।
बैठक को क्षेत्रीय दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि बापू ग्राम और आसपास के क्षेत्रों में चल रही कार्रवाई को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा का माहौल है। अब सभी की निगाहें राज्य सरकार के आगामी निर्णय पर टिकी हैं, जिससे प्रभावित परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
