साहिया क्षेत्र में गुलदार की दहशत, छिबरो पावर हाउस के पास सड़क पर घूमता दिखा

खबर शेयर करें -

देहरादून जनपद के साहिया क्षेत्र में छिबरो पावर हाउस के समीप शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक गुलदार खुलेआम सड़क पर घूमता हुआ दिखाई दिया। गुलदार को आबादी के बीच इस तरह घूमते देख ग्रामीणों में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, यह पहली बार नहीं है जब गुलदार इस क्षेत्र में नजर आया हो। बीते कई दिनों से गुलदार की आवाजाही बनी हुई है, जिससे खासकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों में भय का माहौल है। शाम ढलते ही लोग घरों से बाहर निकलने से कतराने लगे हैं, वहीं स्कूल जाने वाले बच्चों और खेतों में काम करने वाले किसानों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि गुलदार की मौजूदगी को लेकर वन विभाग को कई बार सूचना दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे लोगों में वन विभाग के प्रति नाराजगी भी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि पांच जनवरी को उन्होंने इस मामले की शिकायत वन मंत्री सुबोध उनियाल से भी की थी, इसके बावजूद क्षेत्र में न तो कोई गश्त बढ़ाई गई और न ही गुलदार को पकड़ने या आबादी से दूर करने के लिए कोई कदम उठाया गया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि गुलदार के लगातार दिखाई देने से किसी बड़ी अनहोनी की आशंका बनी हुई है। उन्होंने मांग की है कि वन विभाग तत्काल क्षेत्र में पिंजरे लगाए, रात्रि गश्त बढ़ाए और गुलदार को सुरक्षित रूप से पकड़कर जंगल क्षेत्र में छोड़े, ताकि ग्रामीण राहत की सांस ले सकें।

ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से जल्द से जल्द कार्रवाई करने की अपील की है, ताकि किसी भी प्रकार की जान-माल की हानि को रोका जा सके। फिलहाल साहिया क्षेत्र में गुलदार की दहशत बनी हुई है और लोग प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।

Ad