ऋषिकेश में निःशुल्क पुस्तकालय मेले में छात्रों की भागीदारी
ऋषिकेश : ऋषिकेश के आवास विकास स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने अपने अध्यापकों के साथ पी.जी. कॉलेज ऋषिकेश, श्री देव सुमन विश्वविद्यालय परिसर में उत्तराखंड ओपन यूनिवर्सिटी द्वारा आयोजित निःशुल्क पुस्तकालय मेले में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस शैक्षिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला और उन्होंने अपनी रुचि के अनुसार विभिन्न ज्ञानवर्धक पुस्तकों का चयन कर अध्ययन के प्रति अपनी जिज्ञासा को और अधिक प्रबल किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रबंधक प्रो. गौरव वार्ष्णेय एवं प्रधानाचार्य उमाकांत पंत के निर्देशन में कक्षा 12 के छात्र-छात्राओं को विश्वविद्यालय परिसर का भ्रमण कराया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के विभिन्न अवसरों, पाठ्यक्रमों और करियर संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रो. गौरव वार्ष्णेय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “पुस्तकें जीवन की सच्ची मार्गदर्शक होती हैं, जो हमें सही दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार के शैक्षिक आयोजन विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास के साथ-साथ उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास में भी सहायक सिद्ध होते हैं। इस अवसर पर लगभग 100 से अधिक विद्यार्थी उपस्थित रहे। साथ ही अध्यापक प्रवेश कुमार, राजू शर्मा, सतीश चौहान एवं अध्यापिका मनोरमा शर्मा सहित अन्य शिक्षकों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई।
