ऋषिकेश में महिला गंगा आरती से गूंजा शांति संदेश
ऋषिकेश : गंगा आरती ट्रस्ट के तत्वावधान में पूर्णानंद घाट, जानकी पुल पर आयोजित विश्व की प्रथम महिला गंगा आरती में महिलाओं ने वैश्विक शांति की कामना के साथ ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच दो सप्ताह के युद्धविराम के फैसले का स्वागत किया। इस अवसर पर विशेष गंगा आरती का आयोजन कर विश्व में शांति और सौहार्द की प्रार्थना की गई।
पिछले कुछ समय से पश्चिम एशिया में ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच तनाव और युद्ध जैसी स्थिति बनी हुई थी, जिससे वैश्विक स्तर पर चिंता का माहौल था। ऐसे में युद्धविराम के निर्णय को राहत भरा कदम मानते हुए महिलाओं ने गंगा तट पर दीप प्रज्वलित कर शांति का संदेश दिया।
कार्यक्रम में दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं ने भी भाग लिया और सभी की एक ही भावना रही कि पूरे विश्व में शांति बनी रहे और किसी भी प्रकार का युद्ध न हो। गंगा आरती के दौरान वातावरण भक्तिमय और भावनात्मक बना रहा।
गंगा आरती ट्रस्ट के अध्यक्ष हरिओम शर्मा ज्ञानी ने कहा कि यह समझौता पश्चिम एशिया में स्थायी शांति की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि सभी देश मिलकर विश्व में शांति और सहयोग का वातावरण बनाएं, ताकि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य मिल सके।
इस विशेष अवसर पर डॉ. ज्योति शर्मा, आचार्य सोनिया राज, पूनम रावत, अंजना उनियाल, पुष्पा शर्मा, वंदना नेगी, गायत्री और प्रमिला रजनी रावत सहित कई महिलाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित न होकर वैश्विक शांति का संदेश देना भी रहा।
