पंजाब सरकार की स्वास्थ्य योजना ने बनाया रिकॉर्ड
चंडीगढ़ : पंजाब सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना ने महज तीन महीनों में ही उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। योजना के तहत अब तक 30.51 लाख से अधिक परिवारों का पंजीकरण किया जा चुका है, जो राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ती पहुंच और जनविश्वास को दर्शाता है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के अंतर्गत अब तक 292 करोड़ रुपये के मुफ्त इलाज को मंजूरी दी जा चुकी है। इस दौरान 1.77 लाख से अधिक मरीजों का उपचार सफलतापूर्वक किया गया है, जिससे हजारों परिवारों को आर्थिक राहत मिली है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में सरकार का उद्देश्य हर नागरिक को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। योजना के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद वर्ग को निजी और सरकारी अस्पतालों में कैशलेस इलाज की सुविधा दी जा रही है, जिससे इलाज के दौरान आर्थिक बोझ कम हो रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी बताया कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अस्पतालों के नेटवर्क का लगातार विस्तार किया जा रहा है और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए निगरानी तंत्र को मजबूत किया गया है। राज्य सरकार का दावा है कि आने वाले समय में इस योजना के दायरे को और बढ़ाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें और पंजाब को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक मॉडल राज्य बनाया जा सके।
