उत्तराखंड में एनएफ एसए के तहत राशन कार्ड ई-केवाईसी की समय सीमा बढ़ी, अंतिम तिथि जल्द होगी घोषित

खबर शेयर करें -

देहरादून: उत्तराखंड में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत राशन कार्डधारकों के लिए ई-केवाईसी कराने की प्रक्रिया 15 दिसंबर की निर्धारित समय सीमा के बाद भी जारी रहेगी। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने स्पष्ट किया है कि बड़ी संख्या में लाभार्थियों की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है, लेकिन अभी भी कई कार्डधारक इस प्रक्रिया से जुड़े नहीं हैं, ऐसे में किसी भी पात्र व्यक्ति को योजना के लाभ से वंचित न होना पड़े, इसके लिए समय सीमा बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।

विभागीय आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में कुल 60 लाख 70 हजार राशन कार्ड यूनिटें पंजीकृत हैं। इनमें से अब तक लगभग 48 लाख यूनिटों की ई-केवाईसी सफलतापूर्वक पूरी की जा चुकी है। शेष कार्डधारकों की ई-केवाईसी सुनिश्चित कराने के लिए विभाग लगातार प्रयास कर रहा है और जिला स्तर पर भी अभियान चलाए जा रहे हैं।

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारियों का कहना है कि ई-केवाईसी का उद्देश्य राशन वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाना, फर्जी और अपात्र लाभार्थियों को सूची से हटाना तथा वास्तविक जरूरतमंदों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। ई-केवाईसी पूरी होने से राशन कार्ड को आधार से जोड़ा जा रहा है, जिससे वितरण प्रणाली में गड़बड़ियों पर प्रभावी रोक लगेगी।

विभाग ने राशन कार्डधारकों से अपील की है कि वे नजदीकी उचित मूल्य दुकान, जन सेवा केंद्र या निर्धारित शिविरों में जाकर समय रहते अपनी ई-केवाईसी अवश्य करा लें। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि ई-केवाईसी न कराने वाले कार्डधारकों को भविष्य में राशन वितरण में कठिनाई का सामना करना पड़ सकता है।

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने बताया कि ई-केवाईसी की नई अंतिम तिथि की घोषणा जल्द की जाएगी। तब तक यह प्रक्रिया पूर्व की भांति जारी रहेगी। विभाग का लक्ष्य है कि शत-प्रतिशत राशन कार्ड यूनिटों की ई-केवाईसी पूरी कर प्रदेश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक मजबूत एवं पारदर्शी बनाया जा सके।

Ad