श्री हेमकुंड साहिब के कपाट 23 मई को खुलेंगे

खबर शेयर करें -

देहरादून : सचिवालय में श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने मुख्य सचिव आनंद बर्धन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने आगामी श्री हेमकुंड साहिब यात्रा की तैयारियों को लेकर चर्चा की।भेंट के दौरान नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने मुख्य सचिव को अवगत कराया कि इस वर्ष श्री हेमकुंड साहिब के कपाट आगामी 23 मई को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। उन्होंने यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्थाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी भी साझा की।

इस अवसर पर दोनों के बीच आगामी यात्रा को सुचारु रूप से संचालित करने तथा श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में संक्षिप्त चर्चा हुई। मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर समुचित प्रबंध सुनिश्चित करने की बात कही। मुख्य सचिव ने कहा कि श्री हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभागों और स्थानीय प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर हर संभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन भी दिया।

Ad