उत्तराखंड में एलपीजी आपूर्ति पर सख्ती
देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश में रसोई गैस (एलपीजी) की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। हाल के दिनों में कई स्थानों से गैस सिलेंडर की कमी और अनियमितताओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए शासन ने संबंधित विभागों को कड़ी निगरानी के निर्देश दिए हैं। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे नियमित रूप से गैस एजेंसियों पर छापेमारी करें, स्टॉक की जांच करें और वितरण व्यवस्था पर पैनी नजर बनाए रखें। इसके साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि उपभोक्ताओं को निर्धारित दरों पर ही गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं और किसी भी प्रकार की ओवरचार्जिंग या कालाबाजारी न हो।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि एलपीजी की कालाबाजारी, जमाखोरी या वितरण में लापरवाही बरतने वाले एजेंसी संचालकों और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। दोषी पाए जाने पर लाइसेंस निरस्त करने के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।
इसके अलावा, आम जनता से भी अपील की गई है कि यदि उन्हें कहीं गैस सिलेंडर की कालाबाजारी, अधिक कीमत वसूली या आपूर्ति में अनियमितता की शिकायत मिले तो तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित करें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।सरकार के इस कदम से उम्मीद जताई जा रही है कि प्रदेश में एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था में सुधार होगा और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना ।
