श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय का AI चैटबॉट ‘प्रज्ञानम्’ तैयार
नई टिहरी : श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय ने भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए एआई आधारित चैटबॉट ‘प्रज्ञानम्’ तैयार किया है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, इस अत्याधुनिक चैटबॉट को जल्द ही औपचारिक रूप से लॉन्च किया जाएगा।
प्रज्ञानम्’ चैटबॉट का उद्देश्य छात्रों, शोधार्थियों और आम जनमानस को भारतीय संस्कृति, दर्शन, वेद-उपनिषद, आयुर्वेद, योग एवं अन्य पारंपरिक ज्ञान से संबंधित जानकारी सहज और डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराना है। यह चैटबॉट आधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक पर आधारित है, जो उपयोगकर्ताओं के प्रश्नों का त्वरित और सटीक उत्तर देने में सक्षम होगा। विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने बताया कि यह पहल ‘भारतीय ज्ञान प्रणाली को बढ़ावा देने और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम है। साथ ही, यह डिजिटल इंडिया और नई शिक्षा नीति 2020 के उद्देश्यों को भी साकार करने में सहायक साबित होगा।
प्रज्ञानम्’ चैटबॉट को इस तरह विकसित किया गया है कि यह सरल भाषा में जानकारी प्रदान कर सके, जिससे विभिन्न आयु वर्ग के लोग इसका उपयोग आसानी से कर सकें। भविष्य में इसमें और भी उन्नत फीचर्स जोड़ने की योजना है, ताकि यह शोध और अध्ययन के क्षेत्र में एक उपयोगी डिजिटल साथी बन सके।विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि इस पहल से न केवल उत्तराखंड, बल्कि देशभर में भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रचार-प्रसार को नई गति मिलेगी।
