सीएम धामी ने हेमवती नंदन बहुगुणा को दी श्रद्धांजलि

खबर शेयर करें -

देहरादून : उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रख्यात जननेता स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा की पुण्य तिथि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बहुगुणा जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके योगदान को स्मरण किया।इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा एक दूरदर्शी नेता, कुशल प्रशासक और जनसेवा के प्रति समर्पित व्यक्तित्व थे। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में सदैव जनहित को सर्वोपरि रखा और समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुगुणा जी के आदर्श, सिद्धांत और जनकल्याणकारी सोच आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि स्वर्गीय बहुगुणा का व्यक्तित्व और कृतित्व भारतीय राजनीति में विशेष स्थान रखता है। वे अपने समय के कद्दावर नेताओं में शामिल थे और उनकी कार्यशैली में जनसरोकारों की गहरी समझ झलकती थी। उल्लेखनीय है कि हेमवती नंदन बहुगुणा मूल रूप से उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र से थे। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और राष्ट्रीय राजनीति में भी अपनी अलग पहचान बनाई। उनके योगदान को सदैव याद किया जाता रहेगा।

Ad