योग महोत्सव के दूसरे दिन “प्रेस से मिलिए” कार्यक्रम आयोजित

खबर शेयर करें -

मुनि की रेती : अंतराष्ट्रीय योग महोत्सव 2026 के दूसरे दिन “प्रेस से मिलिए” कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें गढ़वाल मंडल विकास निगम (GMVN) के प्रबंध निदेशक ने मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद स्थापित किया। इस अवसर पर उन्होंने योग महोत्सव के सफल शुभारंभ में मीडिया के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।उन्होंने कहा कि महोत्सव का शुभारंभ भव्य, दिव्य और नव्य स्वरूप में हुआ है, जो आगे भी निरंतर जारी रहेगा। योग साधकों को प्रतिदिन योग, प्राणायाम, प्राकृतिक चिकित्सा के साथ-साथ विभिन्न नवीन विधाओं को सीखने का अवसर मिल रहा है। दूसरे दिन कई विद्वान योगाचार्यों ने अपने अनुभव साझा किए, जिससे साधकों को गहन ज्ञान प्राप्त हुआ।

प्रबंध निदेशक ने आयोजन समिति के कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि इस बार योग के साथ-साथ “हेरिटेज ग्रुप” की विशेष गतिविधियां भी आकर्षण का केंद्र हैं। इसमें 35-40 देशी-विदेशी प्रतिभागियों को जानकी चट्टी, स्वर्गाश्रम होते हुए चौरासी कुट्टी (बीटल्स आश्रम) तक योग शिविर और भ्रमण कराया गया, जहां योगाचार्यों ने ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष परमार्थ निकेतन के साथ पर्यटन विभाग के सहयोग से GMVN द्वारा 16 से 22 मार्च तक इस महोत्सव की मेजबानी की जा रही है, जो जनसहभागिता से और अधिक सफल बन रहा है। पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि “प्रेस से मिलिए” कार्यक्रम का उद्देश्य मीडिया की समस्याओं और सुझावों को समझकर उनका त्वरित समाधान करना है। प्रेस वार्ता के दौरान ही पत्रकारों की कुछ समस्याओं का निराकरण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि यदि मीडिया प्रतिनिधि योग शिविर में भाग लेकर योग और प्राणायाम का अनुभव लेना चाहते हैं, तो उन्हें 50 प्रतिशत तक की छूट प्रदान की जाएगी। साथ ही प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों द्वारा दिए जा रहे बेहतर कवरेज के लिए उन्होंने धन्यवाद ज्ञापित किया।प्रबंध निदेशक ने कहा कि जनसहभागिता और मीडिया के सहयोग से ही इस महोत्सव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। कार्यक्रम के तहत आज शाम प्रसिद्ध भजन गायक अनूप जलोटा की भजन संध्या भी आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि पत्रकारों के आग्रह पर अनूप जलोटा से 5-10 मिनट की विशेष मुलाकात कराने का प्रयास किया जाएगा।

इस अवसर पर महाप्रबंधक (प्रशासन) लक्ष्मी राज चौहान, सीएस कनिका आनंद, मेहरबान सिंह रांगड़, दीपक रावत, आशीष उनियाल, जोगेंद्र लाल, सूर्य प्रकाश कोठारी, कैलाश कोठारी, दिवाकर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं पत्रकार उपस्थित रहे।

Ad