नैनीताल दौरे पर मुख्य सचिव का बयान
नैनीताल : उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने नैनीताल जिले के भ्रमण के दौरान प्रदेश में एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि राज्य में किसी भी प्रकार की गैस की कमी नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से घबराने से बचें। मुख्य सचिव ने बताया कि प्रदेश में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ छोटे रेस्टोरेंट, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भी नियमित रूप से व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने कहा कि आपूर्ति तंत्र पूरी तरह सुचारु रूप से कार्य कर रहा है और कहीं भी कोई बाधा नहीं है।
आनन्द बर्द्धन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपभोक्ताओं की मांग के अनुरूप समय पर गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सरकार इस विषय को लेकर पूरी तरह सतर्क है और लगातार निगरानी बनाए हुए है।उन्होंने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वे किसी भी तरह की भ्रामक जानकारी या अफवाहों से दूर रहें और भरोसा रखें कि उन्हें नियमित रूप से एलपीजी गैस उपलब्ध कराई जाएगी।
