रानीखेत में भूकंप आपदा को लेकर मॉक ड्रिल
रानीखेत : भूकंप जैसी आपदा से निपटने के लिए तैयारियों का आकलन करने हेतु रानीखेत में एक व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान गांधी चौक स्थित एक मॉल में भूकंप आने का काल्पनिक परिदृश्य तैयार किया गया, जिसमें लगभग 20 लोगों के फंसे होने की स्थिति दर्शाई गई।
मॉक ड्रिल के तहत सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, एसएसबी और एसडीआरएफ की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। बचाव दलों ने मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद अस्पताल भेजा।अभ्यास के दौरान विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, प्रतिक्रिया समय और संसाधनों के उपयोग का परीक्षण किया गया। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं और आपातकालीन व्यवस्थाओं में मौजूद कमियों की पहचान भी की गई, ताकि भविष्य में उन्हें दूर कर आपदा प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपदा की स्थिति में त्वरित और समन्वित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना है, जिससे जनहानि और नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।
