टिहरी में जलभराव रोकथाम को लेकर प्रशासन अलर्ट

खबर शेयर करें -

टिहरी : जनपद में आगामी वर्षा ऋतु के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में शासन के निर्देशानुसार एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई, जिसमें जनपद के सभी नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों एवं सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में उन स्थानों की पहचान करें, जहां हर वर्ष जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है या जहां भविष्य में ऐसी स्थिति बन सकती है। उन्होंने कहा कि इन संभावित स्थलों का धरातलीय निरीक्षण किया जाए और संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए एक सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उपलब्ध कराएं।

जिलाधिकारी ने जोर देते हुए कहा कि समय पर सटीक रिपोर्ट शासन को भेजना आवश्यक है, ताकि आवश्यक कार्यवाही कर जलभराव जैसी समस्याओं से पहले ही निपटा जा सके और आमजन को परेशानी से बचाया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश भी दिए।

बैठक में अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड नई टिहरी गणेश प्रसाद नौटियाल, ईओ नगर पालिका वासुदेव कंडवाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Ad