वन विभाग की कार्रवाई से नाराज स्थानीय लोग सड़कों पर उतरे
ऋषिकेश: बापूग्राम समेत आसपास के क्षेत्रों को राजस्व ग्राम घोषित करने की मांग को लेकर सोमवार को आईडीपीएल हॉकी मैदान में बापूग्राम बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले विशाल जनरैली का आयोजन किया गया। रैली में बापूग्राम, बीसबीघा, मीरानगर, शिवाजीनगर, मनसा देवी, गीतानगर, नंदुफार्म, गुमानीवाला सहित कई क्षेत्रों के सैकड़ों लोग एकत्रित हुए। हाथों में तख्तियां लेकर प्रदर्शनकारियों ने भाजपा सरकार से इन क्षेत्रों को राजस्व ग्राम का दर्जा देने की जोरदार मांग की।
आईडीपीएल हॉकी मैदान से शुरू हुई रैली सीटी गेट होते हुए हरिद्वार राजमार्ग, उग्रसेन नगर, कालेकीढाल, कोयलघाटी, पुरानी चुंगी, घाट चौक से रेलवे रोड, पुराना रेलवे स्टेशन और गौरादेवी चौक से गुजरते हुए ऋषिकेश तहसील पहुंची। रैली के दौरान ढोल-नगाड़ों और रणसिंघा की गूंज के बीच प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अपने हक की आवाज बुलंद की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वे वर्षों से इन क्षेत्रों में निवास कर रहे हैं। कठिन परिश्रम और एक-एक रुपये जोड़कर उन्होंने जमीन खरीदी और अपने घर बनाए, लेकिन अब वन विभाग द्वारा उन्हें अतिक्रमणकारी बताया जा रहा है। लोगों ने कहा कि वे किसी टकराव की स्थिति नहीं चाहते, लेकिन अपने घर और जमीन बचाने के लिए मजबूरन सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। संघर्ष समिति ने साफ किया कि जब तक इन क्षेत्रों को राजस्व ग्राम का दर्जा नहीं दिया जाता, आंदोलन जारी रहेगा।
रैली के समर्थन में बापूग्राम, बीसबीघा, मीरानगर, शिवाजीनगर, मनसा देवी, गीतानगर, नंदुफार्म और गुमानीवाला क्षेत्रों में संचालित कई प्रतिष्ठान और विद्यालय बंद रहे। रेलवे रोड, घाट चौक सहित अन्य इलाकों में स्थानीय व्यापारियों ने भी अपनी दुकानें बंद कर रैली को समर्थन दिया।भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन को यातायात व्यवस्था संभालने के लिए कई स्थानों पर रूट डायवर्ट करना पड़ा। ऋषिकेश की ओर आने वाले वाहनों को श्यामपुर चौकी से स्व. इंद्रमणि बडोनी चौक की ओर भेजा गया, जबकि ऋषिकेश से हरिद्वार जाने वाले वाहनों को कोयलघाटी से एम्स-बैराज होते हुए आईडीपीएल की ओर डायवर्ट किया गया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए जगह-जगह पुलिस अधिकारी और कर्मचारी तैनात रहे।
रैली को विभिन्न संगठनों और राजनीतिक दलों का भी समर्थन मिला। कांग्रेस, उत्तराखंड क्रांति दल, उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी संगठन समेत कई दलों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता रैली में शामिल हुए। कार्यक्रम में रमेश जुगलान, सत्या कपरूवाण, हिमांशु पंवार, सतवीर भंडारी, मुस्कान चौधरी, सुरेंद्र सिंह नेगी, दिनेशचंद्र मास्टर, राम कुमार कश्यप, गोविंद सिंह रावत, अविनाश सेमल्टी, ममता नेगी, प्रमिला त्रिवेदी, पूनम डोभाल, रामप्रसाद उनियाल, राजपाल खरोला, जयेंद्र रमोला, नरेश उनियाल, रविंद्र राणा, शशि राणा, सुंदरी कंडवाल, सरदार सिंह पुंडीर सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
आईडीपीएल हॉकी मैदान में उमड़ी भारी भीड़ ने पहाड़ी वाद्य यंत्रों की गूंज के बीच एक स्वर में मांग की कि बापूग्राम और आसपास के सभी क्षेत्रों को शीघ्र राजस्व ग्राम का दर्जा दिया जाए, ताकि वर्षों से बसे लोगों को न्याय और स्थायित्व मिल सके।
