स्वाद के साथ सेहत पर भारी पड़ सकती है दूध वाली चाय

खबर शेयर करें -

भारत में दिन की शुरुआत अगर चाय से न हो तो जैसे सब अधूरा सा लगता है। सुबह की ताज़गी हो, दोस्तों की गपशप या दफ्तर का ब्रेक हर मौके पर चाय हमारी ज़िंदगी का अहम हिस्सा है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि यही पसंदीदा दूध वाली चाय अगर ज़रूरत से ज़्यादा पी जाए, तो धीरे-धीरे सेहत की दुश्मन भी बन सकती है , विशेषज्ञों के अनुसार चाय के कुछ ऐसे साइड इफेक्ट्स हैं, जिन्हें हम अक्सर नज़र अंदाज़ कर देते

दूध वाली चाय में मौजूद कैफीन और टैनिन पाचन क्रिया को प्रभावित कर सकते हैं। खाली पेट चाय पीने से गैस, एसिडिटी और पेट में जलन की समस्या बढ़ सकती है। कई लोगों को इसकी वजह से अपच और कब्ज जैसी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। चाय में पाए जाने वाले टैनिन शरीर में आयरन के अवशोषण को रोकते हैं। खासतौर पर अगर आप खाने के तुरंत बाद चाय पीते हैं, तो यह शरीर में आयरन की कमी का कारण बन सकती है। महिलाओं और बच्चों के लिए यह समस्या और भी गंभीर हो सकती है।

अधिक मात्रा में चाय पीने से नींद की गुणवत्ता प्रभावित होती है। कैफीन दिमाग को उत्तेजित करता है, जिससे अनिद्रा, बेचैनी और थकान की शिकायत बढ़ सकती है। देर शाम या रात में चाय पीना नींद उड़ाने का बड़ा कारण बन सकता है। कुछ रिसर्च के मुताबिक जरूरत से ज्यादा चाय पीने से शरीर में कैल्शियम का स्तर कम हो सकता है। इससे हड्डियां कमजोर होने लगती हैं और लंबे समय में ऑस्टियोपोरोसिस जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है।

ज्यादा चाय पीने से दिल की धड़कन तेज होना, ब्लड प्रेशर बढ़ना और बेचैनी जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं। खासतौर पर पहले से हृदय रोग से जूझ रहे लोगों को चाय का सेवन सीमित रखने की सलाह दी जाती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि चाय पूरी तरह छोड़ना ज़रूरी नहीं है, लेकिन इसका सेवन सीमित मात्रा में करना बेहद जरूरी है। दिन में 1–2 कप चाय पर्याप्त मानी जाती है। खाली पेट चाय पीने से बचें और खाने के कम से कम एक घंटे बाद ही चाय लें।

चाय भले ही हमारी संस्कृति और दिनचर्या का अहम हिस्सा हो, लेकिन ज़रूरत से ज़्यादा चाय पीना सेहत के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। स्वाद के साथ संतुलन बनाए रखना ही बेहतर स्वास्थ्य की कुंजी है।

Ad