ऋषिकेश नगर निगम में आज से आधार कार्ड के लिए टोकन व्यवस्था शुरू

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश: नगर निगम क्षेत्र के नागरिकों के लिए आधार कार्ड बनवाने और संशोधन की प्रक्रिया को सुचारु बनाने के उद्देश्य से आज से नगर निगम परिसर में टोकन व्यवस्था लागू कर दी गई है। नगर निगम प्रशासन के अनुसार प्रतिदिन सुबह 9:30 बजे से 10:00 बजे तक आधार सेवाओं के लिए टोकन वितरित किए जाएंगे, जिसके बाद निर्धारित संख्या में आवेदकों के आधार कार्ड बनाए जाएंगे या उनमें आवश्यक संशोधन किए जाएंगे।

नगर निगम परिसर में एक विशेष टीम को नियमित तौर पर बैठाया गया है, जो आधार कार्ड से संबंधित सभी कार्यों को निपटाएगी। इससे उन लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है, जो लंबे समय से आधार कार्ड बनवाने या अपडेट कराने के लिए भटक रहे थे। निगम प्रशासन का कहना है कि टोकन व्यवस्था लागू होने से भीड़ पर नियंत्रण रहेगा और नागरिकों को निर्धारित समय में बेहतर सेवा मिल सकेगी।

हालांकि, वार्ड स्तर पर आधार कार्ड कैंप लगाने को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। पहले रोस्टर के अनुसार अलग-अलग वार्डों में शिविर लगाए जाने की योजना थी, लेकिन जिला प्रशासन से अभी तक इसकी अनुमति नहीं मिल सकी है। इसी कारण वार्डों में कैंप आयोजन को लेकर असमंजस बना हुआ है।

नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि वार्डों में आधार कैंप लगाने के लिए प्रशासन से अनुमति मांगी गई है। अनुमति मिलने के बाद ही रोस्टर के अनुसार शिविर लगाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को उनके क्षेत्र में ही सुविधा मिल सके। फिलहाल नागरिकों से अपील की गई है कि वे आधार से संबंधित कार्यों के लिए नगर निगम परिसर में तय समय पर पहुंचकर टोकन प्राप्त करें।

नगर निगम प्रशासन का कहना है कि जैसे ही जिला प्रशासन से हरी झंडी मिलेगी, वार्डों में भी आधार कार्ड शिविर शुरू कर दिए जाएंगे और इसकी सूचना सार्वजनिक रूप से जारी की जाएगी।

Ad